उपभोक्ता हेल्पलाइन पर करें शिकायत, यूजर्स वही कीमत दें जो आधिकारिक रूप से तय हो नई दिल्ली,(ईएमएस)। दुनिया के कई हिस्सों में चल रहे युद्ध और बढ़ते तनाव की वजह से तेल और गैस सप्लाई पर असर पड़ा है। इसका सीधा असर अब आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर नजर आने लगा है। कई जगहों पर गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहे हैं और डिलीवरी में देरी आम बात है। इसी बीच एक और समस्या सामने आ रही है, जो लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही है। कुछ यूजर्स शिकायत कर रहे हैं कि सिलेंडर लेने के समय उनसे अतिरिक्त पैसे मांगे जा रहे हैं या बिना डिलीवरी के ही सिस्टम में सिलेंडर डिलीवर दिखाया जाता है यानी जहां एक तरफ एलपीजी की कमी है, वहीं दूसरी तरफ कुछ जगहों पर इसका गलत फायदा उठाने की कोशिश की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ऐसी स्थिति में अक्सर लोग समझ नहीं पाते कि क्या करें और कहां शिकायत करें। सिलिंडर देने पर एक्स्ट्रा पैसे मांगने या डिलीवरी में देरी होने पर आप शिकायत कर सकते हैं और कैसे अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकते हैं। गैस सिलेंडर की कीमत सरकार और ऑयल कंपनियों द्वारा तय की जाती है। इसमें डिलीवरी चार्ज भी शामिल होता है। अगर डिलीवरी बॉय या एजेंसी आपसे तय कीमत से ज्यादा पैसे मांगती है, तो यह पूरी तरह गलत है। यूजर्स को सिर्फ वही कीमत देनी चाहिए, जो आधिकारिक रूप से तय हो। अगर आपसे एक्स्ट्रा पैसे मांगे जा रहे हैं या डिलीवरी में देरी हो रही है, तो आप अपनी गैस एजेंसी से सीधे संपर्क करें। कई बार समस्या वहीं हल हो जाती है। अगर वहां से समाधान नहीं होता है, तो आप संबंधित गैस कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा आप राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर भी शिकायत कर सकते हैं, जहां आपकी समस्या दर्ज कर कार्रवाई की जाती है। आप ऑनलाइन पोर्टल के जरिए भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जो आसान और तेज तरीका है। ऑनलाइन शिकायत करना सबसे आसान है। आप गैस एजेंसियों की वेबसाइट पर जाकर कस्टमर केयर सेक्शन में शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ता हेल्पलाइन की वेबसाइट या ऐप के जरिए भी आप अपनी समस्या लिखकर सबमिट कर सकते हैं। अगर ऑनलाइन शिकायत करना संभव नहीं है तो आप गैस कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करके भी अपनी समस्या बता सकते हैं। इंडेन हेल्पलाइन: 1800-233-3555, भारत गैस हेल्पलाइन: 1800-22-4344, एचपी हेल्पलाइन: 1800-233-3555 इन नंबरों पर कॉल कर आप अपनी बुकिंग नंबर और समस्या की जानकारी दे सकते हैं। जब भी आप शिकायत करें, तो अपनी कंज्यूमर आईडी, बुकिंग नंबर और समस्या की पूरी जानकारी जरूर दें। इसके साथ अगर आपके पास कोई मैसेज, बिल या स्क्रीनशॉट है, तो उसे भी सुरक्षित रखें। इससे आपकी शिकायत जल्दी और सही तरीके से सुलझाई जा सकती है। सिराज/ईएमएस 24मार्च26