क्षेत्रीय
24-Mar-2026
...


- 2026 में अब तक 57 टिकट दलाल और 36 तस्कर गिरफ्तार बिलासपुर (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसंपत्तियों की रक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियानों में सफलता हासिल की है। अवैध टिकट दलाली, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध वेंडरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए आरपीएफ ने अपनी सतर्कता और प्रभावी कार्यप्रणाली का परिचय दिया है। ऑपरेशन उपलब्ध के तहत अवैध टिकट दलालों पर शिकंजा कसते हुए वर्ष 2024 में 331 दलालों को गिरफ्तार कर लगभग 1.27 करोड़ रुपये के टिकट जब्त किए गए। वहीं वर्ष 2025 में 277 दलालों की गिरफ्तारी के साथ 62.10 लाख रुपये के टिकट बरामद हुए। वर्ष 2026 में अब तक 57 दलालों को पकडकऱ करीब 12 लाख रुपये के टिकट जब्त किए जा चुके हैं। इन सभी मामलों में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई की गई है। नशे की स्मगलिंग के लिए ट्रेन रास्ता चुन रहे तस्कर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत भी बड़ी कार्रवाई की गई है। वर्ष 2025 में 63 मामलों में 78 आरोपियों को गिरफ्तार कर 713 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 1.70 करोड़ रुपये आंकी गई। वर्ष 2026 में अब तक 24 मामलों में 36 आरोपियों को गिरफ्तार कर 341 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ (करीब 1.71 करोड़ रुपये मूल्य) बरामद किए गए हैं। पिछले तीन वर्षों में कुल 5.30 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। डेढ़ साल में 16650 वेंडरों पर कार्रवाई इसके अलावा अवैध वेंडरों के खिलाफ भी सघन अभियान चलाया गया। वर्ष 2025 में 13,709 और 2026 में अब तक 2,941 वेंडरों पर कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये का जुर्माना वसूला गया। आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि सुरक्षित और व्यवस्थित रेल यात्रा सुनिश्चित की जा सके। मनोज राज 24 मार्च 2026