राज्य
24-Mar-2026


‎- ‎बाबा साहेब की जयंती की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने की बैठक ‎- ‎बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में भाजपा के कई दिग्गज नेता भी करेंगे शिरकत पटना, (ईएमएस)। बिहार भाजपा आगामी 14 अप्रैल को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाएगी। इस मौके पर प्रदेश कार्यालय में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। ‎बाबा साहेब की जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय पटना में एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने की। ‎इस बैठक में बिहार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री सह एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष लखेन्द्र पासवान और भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसनिया भी उपस्थित रहे। इस बैठक में संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। ‎बैठक में 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती को भव्य तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रणनीति पर चर्चा की गई और बैठक में कार्यक्रम को लेकर कार्ययोजना भी बनाई गई। ‎इस समारोह को सफल बनाने के लिए एससी मोर्चा के कई पदाधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इस जयंती समारोह में भाजपा के कई दिग्गज नेता भी शामिल होंगे। ‎बैठक में कहा गया कि डॉ आंबेडकर के विचार समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार व सम्मान दिलाने की प्रेरणा देते हैं। इसलिए उनकी जयंती को व्यापक रूप से मनाना आवश्यक है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। संतोष झा- २४ मार्च/२०२६/ईएमएस