लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश ने बीते कुछ वर्षों में एयर कनेक्टिविटी, निवेश और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब प्रदेश में ‘ढाई एयरपोर्ट’ ही संचालित माने जाते थे, जबकि आज उत्तर प्रदेश देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे एविएशन हब के रूप में उभर रहा है। लोकभवन में आयोजित निवेश मित्र सम्मेलन में उन्होने बताया कि पहले केवल लखनऊ और वाराणसी के एयरपोर्ट पूरी तरह सक्रिय थे, जबकि गोरखपुर और आगरा में सीमित और अनियमित उड़ानें संचालित होती थीं। लेकिन वर्तमान में प्रदेश में 16 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जल्द ही देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनने जा रहा है, जिसका उद्घाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट को देश का सबसे बड़ा कार्गाे और लॉजिस्टिक हब विकसित किया जा रहा है। यहां एयरक्राफ्ट मेंटिनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉलिंग की आधुनिक सुविधा भी स्थापित की जा रही है, जो भारत में पहली बार इस स्तर पर देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री ने औद्योगिक निवेश के माहौल में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले निवेशकों में उत्तर प्रदेश को लेकर झिझक थी। उन्होंने कहा कि उस समय निवेश के लिए आमंत्रित करने पर कई उद्योगपति प्रदेश आने से कतराते थे, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और यूपी निवेश का आकर्षक केंद्र बन गया है। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुधार को इस बदलाव का प्रमुख कारण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले माफिया गिरोहों के कारण समानांतर सत्ता चलती थी, जिससे आम नागरिक, व्यापारी और महिलाओं की सुरक्षा प्रभावित होती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई और उसे पूरी सख्ती से लागू किया। आज भी यह नीति जारी है। कोई भी अपराधी या माफिया, चाहे वह किसी का भी संरक्षण प्राप्त हो, अगर वह कानून तोड़ेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बेहतर कानून-व्यवस्था, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश अनुकूल नीतियों के चलते उत्तर प्रदेश आने वाले समय में देश की आर्थिक वृद्धि का प्रमुख इंजन बनेगा। जितेन्द्र 24 मार्च 2026