राज्य
24-Mar-2026


लखनऊ (ईएमएस)। फिल्म धुरंधर 2 में अतीक अहमद के मर्डर को लेकर चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल ने अपनी ही पूर्ववर्ती पार्टी समाजवादी पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव की सरकार होती या वे मुख्यमंत्री होते, तो अब तक उनकी हत्या हो चुकी होती। पूजा पाल ने कहा कि अगर वे आज ज़िंदा हैं तो इसकी वजह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। उन्होंने योगी आदित्यनाथ को ‘धुरंधर’ मुख्यमंत्री बताया। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए सपा की बागी विधायक पूजा पाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के एक धुरंधर मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने अतीक और मुख्तार अंसारी जैसे माफियाओं के साम्राज्य का सफाया किया है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म ने समाजवादी पार्टी और अतीक अहमद के संबंधों को उजागर किया है। पूजा पाल ने आरोप लगाया कि अतीक अहमद सपा के संरक्षण में रहकर देश को दीमक की तरह खोखला कर रहा था। उन्होंने कहा कि अतीक केवल उनका ही गुनहगार नहीं था, बल्कि उसने उनके पति राजू पाल की हत्या की थी। उन्होंने कहा कि अतीक ने न केवल उनकी ज़िंदगी बर्बाद की, बल्कि हजारों परिवारों की ज़िंदगी तबाह की। अतीक लोगों की हत्याएं कर और नशे के कारोबार के ज़रिए युवाओं व समाज को नुकसान पहुँचा रहा था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के संरक्षण में अतीक अहमद और उसके गुर्गों ने नकली नोटों का व्यापार किया और देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया। पार्टी को उसकी गतिविधियों की जानकारी थी, लेकिन उसके खिलाफ कार्रवाई अखिलेश यादव को पसंद नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि अतीक अहमद, समाजवादी पार्टी का एक बड़ा फाइनेंसर था, जिसकी मौत से अखिलेश यादव असंतुष्ट थे। जितेन्द्र 24 मार्च 2026