नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली सरकार ने बजट में हर घर को होली और दिवाली पर दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने के लिए 260 करोड़ का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को दिल्ली के लिए बजट पेश करते हुए यह घोषणा की। दिल्ली की मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए करीब 1,03,700 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। मुख्यमंत्री ने इसे ग्रीन बजट करार दिया। सरकार ने बजट में पात्र परिवारों के लिए होली और दिवाली पर दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने के लिए 260 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। 2026-27 के इस बजट में 74,000 करोड़ का टैक्स आने का अनुमान लगाया गया है। बजट में बुनियादी ढांचा क्षेत्र के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को 5,921 करोड़ रुपये और शहरी विकास एवं आश्रय परियोजनाओं के लिए 7,887 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हमारा लक्ष्य सुरक्षित सड़कें, जलवायु गलियारे और बेहतर संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करना है। दिल्ली बजट में बिजली विभाग के लिए 3,942 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यही नहीं ओवरहेड और इधर-उधर लटके बिजली तारों को हटाने के लिए अलग से 200 करोड़ रुपये भी आवंटित किए गए हैं। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि बजट में यमुना पार क्षेत्र के विकास के लिए 300 करोड़ रुपये जबकि दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के लिए 787 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। दिल्ली में धूल मुक्त सड़कों के विकास के लिए 1,352 करोड़ रुपये रखे गए हैं। इसके तहत 750 किलोमीटर सड़कों की एंड-टू-एंड रिकार्पेटिंग (एक छोर से दूसरे छोर तक पूरी सतह को उखाड़कर या उसके ऊपर डामर की एक नई एवं मजबूत परत बिछाना) की जाएगी। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/24/मार्च/2026