राज्य
24-Mar-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। कुंडम बघराजी की एक आदिवासी युवती को उसी के गांव के एक परिचित युवक ने नगर निगम जबलपुर में नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 22 हजार रुपए ठग लिए। इस बात का खुलासा तब हुआ जब युवती नगर निगम में मंगलवार को अपनी नौकरी ज्वाइंन करने पहुंची। यहां वास्तविकता का पता लगने के बाद युवती ने ओमती थाने में संबंधित युवक के खिलाफ ‎‎ शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंडम थानांतर्गत बघराजी में रहने वाली सीमा परस्ते नौकरी रोजगार की तलाश में थी। इसी दौरान उसकी गांव के ही एक युवक से मुलाकात हुई। सीमा ने उससे नौकरी लगवाने में मदद मांगी जिस पर युवक ने उसे अपनी बातों में फंसाया और कुछ दिन बाद उसे जबलपुर नगर निगम में नौकरी लगवाने की बात कर इसके लिए 25 हजार रुपये का इंतजाम करने कहा। उसकी चिकनी चुपड़ी बातों में आकर सीमा ने जैसे तैसे 22 हजार रुपये जुटाए और युवक को दे दिए। इसके बाद युवक ने कुछ दिन इंतजार करा सीमा को नगर निगम का एक नियुक्ति पत्र थमा दिया। इसे लेकर मंगलवार को युवती सीमा जबलपुर नगर निगम ज्वाइनिंग के लिए पहुंची। उक्त एपाइंटमेंट लैटर में गड़बड़ी देख यहां पदस्थ कर्मचारी से उसे निगमायुक्त के पास पहुंचाया जहां आयुक्त नगर निगम ने उसे नियुक्ति पत्र के फर्जी होने की जानकारी देकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पहुंचाया। इसके बाद युवती ने मामले की ‎‎ ओमती थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई । पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपी की तलाश आरंभ कर दी है। अजय पाठक / मोनिका / 24 मार्च 2026