क्षेत्रीय
24-Mar-2026
...


पटना, (ईएमएस)। मंगलवार सुबह बिहार के पटना जिले के बाढ़ रेलवे स्टेशन पर हुई एक दर्दनाक रेल हादसा में एक युवक की मौत हो गई। बताया गया है कि पटना से हावड़ा जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन तेज गति से प्लेटफार्म संख्या 2 के पश्चिमी छोर से गुजर रही थी और इस ट्रेन का बाढ़ स्टेशन पर ठहराव नहीं है, इसलिए यह बिना रुके ही वहां से निकल रही थी। इसी दौरान एक युवक किसी कारणवश रेलवे ट्रैक के पास चला गया। बताया जा रहा है कि वह खैनी मुंह से बाहर फेंकने के लिए ट्रैक की ओर झुका था। उसी समय अचानक तेज रफ्तार में आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में वह आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां मौजूद लोगों ने रेल पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची रेल थाना बाढ़ की पुलिस टीम ने घायल युवक को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। उस समय उसकी हालत बेहद नाजुक थी और डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज शुरू किया। लेकिन डॉक्टरों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच (पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल) रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी थी। मगर इसी दौरान उसकी हालत और बिगड़ गई और इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। फ़िलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस शव की पहचान करने की कोशिश कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। संतोष झा- २४ मार्च/२०२६/ईएमएस