पटना, (ईएमएस)। पटना-दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड पर एक रेल हादसे में तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत होने की खबर है। मिली जानकारी के अनुसार, तीनों मजदूर उत्तर प्रदेश से बिहार लौट रहे थे और रेलवे ट्रैक के रास्ते घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान इंदौर-पटना एक्सप्रेस की चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा गहमर और बारा कलां हाल्ट के बीच पोल संख्या 678/28 के पास हुआ। मृतकों में मुजफ्फरपुर जिले के केरमा-डीह निवासी 32 वर्षीय जयनाथ साहनी, 35 वर्षीय गुलशन राम और वैशाली जिले के 35 वर्षीय पप्पू सिंह शामिल हैं। सभी तीनों मजदूर चौसा पावर प्लांट की एक कंपनी में कार्यरत थे। घटना के समय ये निजी काम से उत्तर प्रदेश गए हुए थे और वापस लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पटना-दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड की राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया और मृतकों की पहचान आधार कार्ड के माध्यम से की गई। संतोष झा- २४ मार्च/२०२६/ईएमएस