ग्वालियर ( ईएमएस ) | ग्वालियर जिले में महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप हुए शक्ति दीदी नवाचार से जरूरतमंद महिलाओं को लगातार रोजगार मिल रहा है। इस नवाचार के तहत जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में जिला प्रशासन द्वारा नौकरी दिलाई जा रही है। बुधवार 25 मार्च को 6 जरूरतमंद महिलायें “शक्ति दीदी” बनेंगीं। जिले में वर्तमान में शक्ति दीदी के तहत पहले से ही जिले में 101 महिलाएं यह भूमिका सफलतापूर्वक निभा रही हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुँचकर महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलायेंगे। कलेक्टर श्रीमती चौहान 25 मार्च को प्रात: 11.30 बजे एसआर पेट्रोलियम काल्पी ब्रिज रोड पर सुश्री मधु, सुश्री खुशबू व सुश्री हेमलता को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगी। इसी तरह श्री गंगा सर्विस स्टेशन वीरपुर में सुश्री मुस्कान, इन्दु फिलिंग स्टेशन गुड़ागुड़ी का नाका पर सुश्री शानू खान एवं अलापुर पेट्रोलियम मंथन बैंक्वेट के सामने सुश्री कविता को शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।