क्षेत्रीय
24-Mar-2026
...


जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिला प्रशासन और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने माइनिंग माफिया पर कड़ा प्रहार किया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोकथाम के लिए उड़नदस्ता दल ने केवा, नवापारा, भादा, पुछेली, पिपरदा, बम्हनीडीह, केराकछार, खोरसी, देवरघटा और शिवरीनारायण सहित कई क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान खनिज रेत के अवैध परिवहन के 9 प्रकरण (6 ट्रैक्टर और 3 हाईवा), मिट्टी (ईंट) के 3 प्रकरण (3 ट्रैक्टर) और खनिज चूनापत्थर के 3 प्रकरण (3 ट्रैक्टर) दर्ज किए गए। कुल 15 वाहनों को जब्त कर संबंधित थाना शिवरीनारायण, पामगढ़, बिर्रा, पंतोरा और पुलिस लाइन जांजगीर में रखा गया। खनिज अधिकारी ने बताया कि अवैध परिवहनकर्ताओं के खिलाफ खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23 (ख) के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर महोबे के निर्देशन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण की निगरानी और जांच कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 मार्च 2026