- भक्तों की लगी है कतार भवानी के दरबार जबलपुर, (ईएमएस)। वासंतेय नवरात्र पर्व पर शहर में धार्मिक अनुष्ठानों की धूम मची हुई है। हर तरफ धार्मिक कार्यक्रम चल रहे है लोग श्रद्धा और आस्था में गोते लगा रहे है। हर तरफ देवी के जयकारे गूंज रहे हैं। नौ दिनों का उपवास रखे श्रद्धालु पूजा-पाठ और उपासना में लीन हैं। शक्ति की उपासना पूरी भक्ति के साथ की जा रही है। श्रद्धा और आस्था का सैलाब देवी मंदिरों में उमड़ रहा है। भजन-कीर्तन और देवी के जगराता के आयोजन भी प्रारंभ हो गये हैं। मठ मंदिरों को आकर्षक विद्युत छटाओं से सजाया गया है। श्रद्धालु भक्ति में लीन हो गये हैं। नौ दिनों के उपवास रखने वाले भक्त सुबह शाम हवन पूजन और दुर्गा सप्तसती का पाठ कर रहे हैं। नगर के प्रसिद्ध देवी मंदिर देवालय, आकर्षक रंग बिरंगी विद्युत छटाओं से जगमगा रहे हैं। मंदिरों में नवरात्र के मेले का माहौल बना हुआ है। सूर्योदय के साथ ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम प्रारंभ हो जाता है, जो देर रात तक अनवरत चलता है। आज सप्तमी पर मां देवी के सातवें स्वरूप कालरात्रि की पूजा अर्चना की जायेगी। महाकाली का सजा दरबार, भंडारा 7 अप्रैल को......... श्री वृहत महाकाली महोत्सव समिति गढ़ा फाटक कालीधाम का दरबार विद्युत छटाओं से जगमगा रहा है| सुबह से लेकर रात तक पूजन अर्चन करने भक्तों का तांता लगा हुआ है| समिति की ओर से बताया गया है कि नवरात्र पर्व के समापन उपरांत मंगलवार 7 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है| सभी भक्तों से उपस्थिति की अपील की गई हैं| कष्टों का निवारण करती है पंचमहाआरती........ बासन्तेय नवरात्रि के पावन पर्व पर बगलामुखी सिद्ध पीठश्री शंकराचार्य मठ सिविक सेंटर मढाताल में ब्रह्मचारी चैतन्यानंद के संयोजन भगवती बगलामुखी मैया की दिव्य पंच महाआरती आयोजित हुई| इस अवसर पर पंचमहाआरती की महिमा का वर्णन करते हुए सुबुद्धानंद महाराज ने बताया कि महाआरती सभी बाधाओं का निवारण करती है,धन धान्य,पुत्र, पौत्रों से समृद्ध यश आरोग्यता को प्रदान करती है। महाआरती में आचार्य राजेंद्र शास्त्री, महेश परसवानी, मधु यादव, एडवोकेट भावना निगम, मनोज सेन, सुरेश अवस्थी, नर्मदा शर्मा, श्रीमती नीता पटेल, पंकज दुबे, आदि उपस्थित थे| सुनील साहू / मोनिका / 24 मार्च 2026