- बागचा के विस्थापित तीन हितग्राहियों को मिली 36 लाख रूपये की राशि कलेक्टर द्वारा बैंक खातो में रिलीज की गई एफडीआर की राशि श्योपुर ( ईएमएस ) | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की आमजन के प्रति संवेदनशीलता एवं सहृदयता से कार्य करने की शैली के चलते कूनो वन मंडल के बागचा से विस्थापित तीन हितग्राहियों की 36 लाख रूपये की एफडीआर राशि तत्काल रिलीज किये जाने की कार्यवाही की गई है, तीनों हितग्राहियों की 12-12 लाख की एफडीआर उनके बैंक खातों में राशि जारी करने हेतु बैंक को लिखित में पत्र जारी कर दिया गया है। ग्राम बागचा के विस्थापित श्री बाली आदिवासी, श्रीमती बतुला राठौर एवं श्री मुकेश राठौर निवासी ढेगदा ने कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा को अवगत कराया कि विस्थापन अंतर्गत शासन के प्रावधान के क्रम में उनके द्वारा विकल्प एक का चयन किया था, जिसमें उन्हें 15 लाख रूपये की एक मुश्त राशि कूनो वन मंडल द्वारा प्रदाय की गई, नियम के अनुसार ही लगभग तीन लाख रूपये की राशि तत्समय आवास निर्माण के लिए प्रदाय की गई थी, जिससे उन्होने आवास बना लिये है, शेष राशि खुर्दबुर्द न हो तथा परिवार की आजीविका के लिए उपयोग हेतु प्रावधान अनुसार कूनो वन मंडल द्वारा एफडीआर कराई गई है, जिसमें प्रावधान है कि उक्त राशि कलेक्टर की स्वीकृति के उपरांत ही रिलीज की जा सकती है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा इस मामले में तत्काल निराकरण करते हुए बैंक को पत्र जारी किया गया कि एफडीआर की समयावधि पूर्ण हो चुके है, इसलिए एफडीआर की राशि संबंधित हितग्राहियों के बैंक खातो में तत्काल जमा कराई जायें। श्री मुकेश राठौर एवं श्रीमती बतुला राठौर ने बताया कि बागचा में विस्थापन के समय उनके द्वारा विकल्प-1 का चयन किया था, जिसके तहत उन्हें तत्समय 3 लाख रूपये की राशि प्रदाय की गई थी, जिससे उनके द्वारा ग्राम ढेगदा में आवास बनाया गया और ढेगदा में ही निवासरत है। वर्तमान में रोजगार स्थापित करने के लिए उन्हें राशि की आवश्यकता थी, जिसके लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के आवेदन प्रस्तुत किया था कि राशि दिलाई जायें, इस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए एक दिन में ही राशि जारी करने हेतु बैंक को पत्र जारी कर दिया गया है। हितग्राहियों ने बताया कि 12 लाख रूपये की राशि मिलने से थोडी बहुत जमीन खरीदेंगे तथा कुछ राशि से छोटा-मोटा व्यवसाय करेंगे। उल्लेखनीय है कि बागचा में विस्थापन के लिए पात्र पाये गये 223 परिवारों में से 53 परिवारांे ने विकल्प 1 तथा 170 परिवारों ने विकल्प 2 का चयन किया था। विस्थापन योजना के तहत विस्थापित परिवारों को दो विकल्प दिये गये थे, विकल्प एक का चयन करने वाले 53 परिवारों को 15 लाख रूपये प्रति परिवार एक मुश्त राशि प्रदान की गई, वहीं विकल्प टू का चयन करने वाले 170 परिवारों को योजना के तहत दो हेक्टयर भूमि प्रदान की गई, साथ ही घर बनाने के लिए तीन लाख रूपये की राशि भी दी गई थी, इसके साथ ही इन विस्थापितों की बसाहट में सभी मूलभूत एवं अंधोसरचनात्मक सुविधाएं विकसित की गई हैं।