व्यापार
24-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया मंगलवार को 26 पैसे की गिरावट के साथ ही 93.79 पर बंद हुआ। आज सुबह शुरुआती कारोबार में रुपया 20 पैसे टूटकर 93.73 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ बातचीत जारी होने के संकेत देने के बावजूद वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें बढ़ती रहीं। विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि विदेशी पूंजी की भारी निकासी से स्थानीय मुद्रा पर और दबाव पड़ा जबकि घरेलू शेयर बाजारों में मजबूत शुरुआत ने तेज गिरावट को कुछ हद तक कम कर दिया। वहीं अंतरराष्ट्रीय विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 93.66 पर खुला। हालांकि बाद में टूटकर 93.73 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 20 पैसे की गिरावट दिखाता है। रुपया सोमवार को 94 के स्तर को लांघ गया था। हालांकि अंत में संभलता हुआ 93.53 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दिखाने ने वाला डॉलर सूचकांक 0.42 फीसदी की बढ़त के साथ 99.36 पर रहा। ईएमएस 24 मार्च 2026