- कुत्ते के काटने से दो लोग गंभीर रूप से घायल डोंबिवली, (ईएमएस)। मुंबई से सटे डोंबिवली की एक हाई-प्रोफाइल सोसायटी में, चैंबर साफ करने की मामूली बात पर दो पड़ोसियों के बीच जोरदार बहस हो गई और यह बहस लड़ाई में बदल गई। जिसके बाद एक परिवार ने अपना पालतू कुत्ता दूसरे पड़ोसी पर छोड़ दिया। कुत्ते के काटने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह घटना डोंबिवली पूर्व की एक संभ्रांत इलाके लोढ़ा हेवन में हुई। यहां योगी परिवार दो मजदूरों की मदद से अपने घर के पीछे चैंबर साफ करवा रहा था। जब यह सफाई चल रही थी, तभी पड़ोस में रहने वाले तिवारी परिवार के सदस्य वहां आ गए और कहा कि चैंबर क्यों साफ कर रहे हो? यह सवाल पूछते हुए वे बहस करने लगे। सफाई को लेकर बहस इतनी बढ़ गई कि तिवारी परिवार की अनुराधा तिवारी, संतोष तिवारी और कृतिका तिवारी ने योगी परिवार के सदस्यों को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान, उन्होंने योगी परिवार पर अपना पालतू कुत्ता भी छोड़ दिया। कुत्ते को सामने से अपनी ओर आता देख, वहां काम कर रहे दोनों मजदूर डर के मारे भाग गए। इसी बीच, पालतू कुत्ते ने मनोज योगी और उनके बेटे पर हमला कर दिया। कुत्ते ने दोनों को बुरी तरह काट लिया, जिससे वे घायल हो गए। इस हमले के बाद मनोज योगी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 3 दिन तक उनका इलाज चला। यह पूरी घटना सोसाइटी परिसर में चर्चा का विषय बन गई है और लोगों में डर का माहौल है। योगी परिवार ने इस मामले में मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने संतोष तिवारी, अनुराधा तिवारी और कृतिका तिवारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज किया है। बहरहाल हाई-प्रोफाइल सोसाइटी में रहने वाले लोगों में इस तरह के हिंसक होने पर हैरानी जताई जा रही है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। संतोष झा-२४ मार्च/२०२६/ईएमएस