डोंबिवली, (ईएमएस)। मुंबई से सटे डोंबिवली में अंधविश्वास के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक भोंदू बाबा द्वारा बेटी की शादी में दोष निकालने के बहाने एक बुजुर्ग को लूटने की घटना सामने आई है। इस मामले में विष्णु नगर पुलिस ने कल्याण से दीपक सावंत नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित अपनी बेटी की शादी में रुकावटें आने के कारण इसका हल ढूंढ रहा था। उसी समय, दीपक सावंत ने खुद को बाबा बताकर एक खास पूजा-पाठ करके दोष दूर करने का लालच दिया। पूजा-पाठ के नाम पर उसने पीड़ितों से सोने के कंगन और चांदी के लक्ष्मी के सिक्के ले लिए। पूजा-पाठ के दौरान, आरोपी ने उनसे इन गहनों को एक लाल रूमाल में रखने को कहा और चालाकी से रूमाल बदल लिया। फिर, दूसरा रूमाल थमाकर वहां से भाग गया। कुछ समय बाद, ठगे जाने का एहसास होने पर, पीड़ितों ने विष्णु नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और कल्याण इलाके से दीपक सावंत को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी ने पहले भी इसी तरह कई लोगों को ठगा तो नहीं है। इस बीच, पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अंधविश्वास में न पड़ें और ऐसे किसी भी पूजा-पाठ या उपाय से सावधान रहें। संतोष झा-२४ मार्च/२०२६/ईएमएस