खेल
24-Mar-2026
...


:: 3x3 बास्केटबॉल टूर्नामेंट : गौरव पाटीदार और उन्नति गोढ़ा चुने गए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी; 30 टीमों ने दिखाया दम :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के प्रतिष्ठित प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च (पीआईएमआर) डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी में बास्केटबॉल का रोमांच अपने चरम पर रहा। यूजी कैंपस स्थित बास्केटबॉल कोर्ट पर ‘ब्राउन बॉलर्स’ एवं पीआईएमआर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय ‘3x3 बास्केटबॉल टूर्नामेंट’ का समापन बेहद प्रतिस्पर्धी और उत्साहजनक मुकाबलों के साथ हुआ। ओपन कैटेगरी में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 30 टीमों ने शिरकत की, जिनमें 25 पुरुष और 5 महिला टीमों ने अपने तकनीकी कौशल और जुझारूपन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पुरुष वर्ग के हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में ‘मामा मेंटालिटी’ टीम ने अपने नाम के अनुरूप आक्रामक खेल और बेहतरीन आपसी तालमेल का परिचय दिया। उन्होंने ‘एनबीए इंदौर’ की कड़ी चुनौती को ध्वस्त करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। दूसरी ओर, महिला वर्ग में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जहाँ ‘एनबीए इंदौर’ और ‘स्काई शूट’ की टीमों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर उपविजेता का स्थान सुरक्षित किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों की चुस्ती-फुर्ती और सटीक शूटिंग ने खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया। व्यक्तिगत उपलब्धियों की बात करें तो गौरव पाटीदार (पुरुष वर्ग) और उन्नति गोढ़ा (महिला वर्ग) को उनके असाधारण खेल प्रदर्शन और तकनीकी बारीकियों के लिए टूर्नामेंट का ‘बेस्ट प्लेयर’ चुना गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि वाइस चांसलर डॉ. एस. एस. भाकर, यूजी कैंपस के डायरेक्टर कर्नल एस. रमन अय्यर और कपिल जैन ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने खेल के प्रति युवाओं के इस जुनून की सराहना करते हुए इसे भविष्य के लिए एक सकारात्मक संकेत बताया। मैचों का सफल संचालन अनुभवी रेफरी पैनल - संजय मंडलोई, अनिरुद्ध जोशी, गौरव यादव, प्रशांत परमार और इंद्रजीत सिंह मान द्वारा किया गया। इस खेल उत्सव के दौरान उमंग अग्रवाल, दीपेश अग्रवाल, छविकांत रमानी, रोहित रस्तोगी और पृथ्वी राणा जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही, प्रेस्टीज इंजीनियरिंग कॉलेज के स्पोर्ट्स ऑफिसर विक्रम अंसारी और पीआईएमआर यूजी के स्पोर्ट्स इंचार्ज सुनील कुमार बिलथरिया सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। प्रकाश/24 मार्च 2026