:: सिंगापुर और जॉर्डन सहित कई देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम; इंदौर टेनिस क्लब में तैयारियां तेज :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। शहर के इंदौर टेनिस क्लब में आगामी 30 मार्च से 3 अप्रैल 2026 तक एशियन जूनियर अंडर-14 इंदौर ओपन टेनिस टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एशिया के विभिन्न देशों के साथ-साथ भारत और मध्यप्रदेश के स्थानीय उभरते सितारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। भारतीय टेनिस संघ के महासचिव अनिल धूपर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश संगठन लगातार जूनियर खिलाड़ियों के प्रोत्साहन हेतु टूर्नामेंट आयोजित कर रहा है, लेकिन इंदौर में इस स्तर का यह पहला बड़ा आयोजन होगा। अब तक भारत के अलावा सिंगापुर, जॉर्डन और अन्य एशियाई देशों के बालक-बालिका वर्ग की प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। यह टूर्नामेंट जूनियर खिलाड़ियों के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसके माध्यम से उन्हें अपनी एशियाई रैंकिंग सुधारने के लिए अंक हासिल करने का मौका मिलेगा। :: नॉक-आउट नहीं, अंतिम दिन तक खेलेंगे खिलाड़ी :: टूर्नामेंट की सबसे खास बात यह है कि यह परंपरागत नॉक-आउट पद्धति पर आधारित नहीं होगा। श्री धूपर के अनुसार, प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी अंतिम पोजीशन सुरक्षित करने के लिए टूर्नामेंट के आखिरी दिन तक मैच खेलने होंगे। इससे खिलाड़ियों को अधिक मैच खेलने का अनुभव और अंतरराष्ट्रीय स्तर का एक्सपोजर प्राप्त होगा। प्रतियोगिता में एकल और युगल दोनों वर्गों में कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। :: क्वालीफाइंग राउंड 28 से :: टूर्नामेंट के मुख्य दौर के मुकाबलों से पहले 28 और 29 मार्च 2026 को क्वालीफाइंग राउंड खेले जाएंगे। इसके पश्चात 30 मार्च से मुख्य ड्रॉ के मुकाबले शुरू होंगे, जो 3 अप्रैल तक चलेंगे। इंदौर टेनिस क्लब में कोर्ट्स की तैयारी और अन्य व्यवस्थाएं युद्ध स्तर पर जारी हैं। स्थानीय टेनिस प्रेमियों के लिए यह अंतरराष्ट्रीय स्तर की टेनिस को करीब से देखने का एक बेहतरीन अवसर होगा। प्रकाश/24 मार्च 2026