राष्ट्रीय
24-Mar-2026
...


पटना,(ईएमएस)। नीतिश कुमार ने फिर जनता दल (यूनाइटेड) जेडीयू की कमान संभाल ली है। उन्हें निर्विरोध रूप से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया, जो उनके नेतृत्व पर पार्टी के भीतर व्यापक सहमति को दिखाता है। नामांकन की अंतिम समयसीमा तक उनके अलावा किसी अन्य नेता ने दावेदारी पेश नहीं की, इसकारण उनका चयन सर्वसम्मति से तय हो गया। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने इस मौके पर उन्हें बधाई देकर कहा कि नीतीश के नेतृत्व में बिहार ने पिछले दो दशकों में उल्लेखनीय बदलाव देखा है। उन्होंने कहा कि कभी पिछड़ेपन के लिए पहचाने जाने वाले बिहार की आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा होती है, जिसका श्रेय नीतीश कुमार की नीतियों और प्रशासनिक क्षमता को जाता है। नीतीश कुमार का पार्टी जेडीयू से जुड़ाव लंबे समय से रहा है। उन्होंने 2003 में पार्टी के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पार्टी के शुरुआती दौर में जॉर्ज फ़र्नान्डिस पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, जिन्होंने लगातार तीन कार्यकाल पूरे किए। इसके बाद शरद यादव ने भी इस पद को संभाला। हाल के राजनीतिक घटनाक्रम में, नीतीश कुमार ने एनडीए में वापसी से ठीक पहले फिर से पार्टी की कमान अपने हाथ में ली थी। इससे पहले राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) जेडीयू के अध्यक्ष थे, जिनके कार्यकाल में पार्टी ने भाजपा से अलग होकर राजद के साथ गठबंधन किया था। नीतीश का पुनः अध्यक्ष बनना न केवल संगठनात्मक मजबूती का संकेत है, बल्कि आगामी चुनावों के मद्देनजर पार्टी की रणनीति को भी स्पष्ट करता है। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए, जेडीयू कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और पार्टी भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों के लिए खुद को तैयार कर रही है। आशीष दुबे / 24 मार्च 2026