राष्ट्रीय
24-Mar-2026
...


वैश्विक संकट में मोदी का नेतृत्व सराहनीय है – गोयल लगभग 8,930 दिनों की जनसेवा का नया कीर्तिमान—गोयल ने प्रधानमंत्री मोदी को दी बधाई नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गांधी स्मृति और दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद भवन में उनके कार्यालय में भेंट की। इस अवसर पर गोयल ने प्रधानमंत्री मोदी को हाल ही में अटल जी की जीवनी पर प्रकाशित कॉफी टेबल बुक “अटल बिहारी वाजपेयी: द एटर्नल स्टेट्समैन” भेंट की। गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री से विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा उन्होंने उन्हें देश की सेवा में उनके असाधारण योगदान के लिए बधाई दी। गोयल ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के उन चुनिंदा नेताओं में हैं जिन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए लगभग 8,930 दिनों तक निरंतर जनसेवा की है और सबसे लंबे समय तक सरकार का नेतृत्व करने का एक नया इतिहास स्थापित किया है। इसमें उनका गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल शामिल है। गोयल ने कहा कि वर्तमान वैश्विक संकट के दौर में पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एकजुट होकर खड़ा है और उनके नेतृत्व की सराहना कर रहा है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान देश को प्रभावी ढंग से संभालने और संकट से बाहर निकालने में प्रधानमंत्री की भूमिका को अत्यंत प्रशंसनीय बताया। उन्होंने आगे कहा कि आज जब विश्व विभिन्न संघर्षों और युद्धों में उलझा हुआ है, ऐसे समय में प्रधानमंत्री ने अपनी सशक्त कूटनीति के माध्यम से भारत के हितों की सफलतापूर्वक रक्षा की है और देश की स्थिति को मजबूती प्रदान की है।