राष्ट्रीय
24-Mar-2026


कोलकाता (ईएमएस)। चुनावी बिगुल बजने से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने निर्वाचन आयोग पर जोरदार हमला बोलते हुए उसकी निष्पक्षता को कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग पर भाजपा का प्रभाव साफ नजर आ रहा है।ममता बनर्जी ने कहा कि आयोग के लेटरहेड पर भाजपा का लोगो दिखना बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। उत्तर बंगाल के दौरे पर निकलने से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा, “अब सब कुछ सामने आ चुका है। पर्दे के पीछे राजनीति करने के बजाय खुलकर सामने आइए।” उन्होंने यह भी पूछा कि क्या इस पूरे मामले को महज एक गलती बताकर टाल दिया जाएगा या इसके पीछे कोई सुनियोजित मंशा है। उन्होंने विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि सभी मिलकर एकदलीय वर्चस्व के खिलाफ आवाज बुलंद करें। मुख्यमंत्री ने आईपीएस और आईएएस अधिकारियों के तबादलों को लेकर भी नाराजगी जताई। साथ ही आधी रात को एसआईआर की पूरक सूची जारी करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसे अब तक जमीनी स्तर पर सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया। ममता बनर्जी ने कथित आत्महत्या के मामलों का जिक्र करते हुए इसे बेहद दुखद बताया और कहा कि इस पूरी प्रक्रिया ने कई परिवारों को प्रभावित किया है। उन्होंने एसआईआर से जुड़े चल रहे अदालती मामले का हवाला देते हुए आयोग पर पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया और सवाल किया कि यदि सब कुछ स्पष्ट है, तो सूची जारी करने में इतनी देरी क्यों हो रही है। सुबोध/२४-०३-२०२६