राज्य
25-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली सरकार ने परिवहन विभाग का बजट इलेक्ट्रिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट को केंद्र में रखकर तैयार किया है। इलेक्ट्रिक बसें, मजबूत चार्जिंग नेटवर्क और मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी के जरिए राजधानी को ‘जीरो उत्सर्जन और सुगम परिवहन’ की कोशिश बजट में दिखती है। सरकार ने ईवी पॉलिसी 2.0 पर कुल 200 करोड़ रुपये और ईवी इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए 320 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। जिससे दिल्लीवालों को ई-व्हीकल लेने के लिए प्रेरित किया जा सके। दिल्ली सरकार ने 2026-27 के बजट में परिवहन इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए लगभग 11,000 करोड़ निर्धारित किए हैं। जिसमें अकेले परिवहन विभाग के लिए 8,374 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार पीएम ई-ड्राइव योजना में चरणबद्ध तरीके से 6,130 इलेक्ट्रिक बसें लाने की योजना बना रही है। मार्च 2027 तक 7500 बसें लाने की योजना है। सरकार ने इस बार दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के लिए बजट आवंटन 2,780 करोड़ से बढ़ाकर 3,433 करोड़ कर दिया गया। इसमें 23.5 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। साल 2029 तक 13 हजार ईवी बसें लाने का लक्ष्य है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/मार्च/2026