सरगुजा(ईएमएस)। जिले के मैनपाट क्षेत्र अंतर्गत मूसाखोल नर्सरी में जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसका साला झुलस गया। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, मुर्ताडांड निवासी मिश्रा यादव (37 वर्ष) अपने साले और दो अन्य ग्रामीणों के साथ सागौन नर्सरी में लकड़ी लेने गया था। मंगलवार रात करीब 10 बजे वह जंगल में बिछाए गए करंट वाले तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसे बचाने की कोशिश में उसके साले को भी जोरदार झटका लगा, जिससे वह झुलस गया। घटना के बाद साथ गए अन्य लोग वापस लौटे और पुलिस को सूचना दी। सुबह थाना प्रभारी मनोज प्रजापति की टीम मौके पर पहुंची और बिजली सप्लाई बंद करवाकर शव को बरामद किया। पुलिस ने घटनास्थल से जीआई तार भी जब्त किया, जिसे 11 केवी लाइन से जोड़कर जंगली जानवरों के शिकार के लिए फैलाया गया था। तार में फंसकर एक सियार की भी मौत हो गई, जिसका शव वन विभाग को सौंप दिया गया। मृतक पेशे से ड्राइवर था और नया घर बनवा रहा था। बताया जा रहा है कि वह घर के लिए लकड़ी लेने जंगल गया था, जहां यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है और करंट बिछाने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि जंगली सूअर के शिकार के लिए यह खतरनाक जाल बिछाया गया था। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मार्च 2026