राज्य
25-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के करोल बाग में झंडेवालां मंदिर के पास मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस मेट्रो लाइन के नीचे पलट गई। हादसे में 2 यात्रियों की मौत हो गई और कई घायल हैं। राजस्थान से आई इस बस में करीब 25 लोग सवार थे। पुलिस और दमकल विभाग ने क्रेन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झंडेवालां हनुमान मंदिर के पास यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दमकल विभाग के अनुसार, उन्हें रात करीब 1 बजकर 8 मिनट पर बस पलटने की सूचना मिली। राजस्थान से आई यह बस जब हनुमान मंदिर चौक के पास पहुंची, तो मेट्रो लाइन के नीचे अचानक संतुलन खो बैठी और पलट गई। हादसे के वक्त बस में लगभग 25 यात्री सवार थे। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह बस की तेज रफ्तार बताई जा रही है। चश्मदीदों के मुताबिक, बस काफी स्पीड में थी और मोड़ पर चालक नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे बस बेकाबू होकर पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। भारी-भरकम क्रेन की मदद से बस को सीधा किया गया और उसके नीचे दबे यात्रियों को बाहर निकाला गया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/मार्च/2026