- 4 घंटे बाद उतारा गया अंबिकापुर(ईएमएस)। जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में एक युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा सामने आया है। पसंद की लड़की से शादी कराने की जिद पर युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब 4 घंटे तक हंगामा करता रहा। जानकारी के अनुसार, युवक बार-बार युवती से शादी कराने की मांग कर रहा था और चेतावनी दे रहा था कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बताया जा रहा है कि जिस युवती को लेकर युवक टावर पर चढ़ा था, उसने पहले ही शादी से साफ इनकार कर दिया था। साथ ही युवती ने युवक के खिलाफ छेड़छाड़ और परेशान करने की शिकायत भी पुलिस में दर्ज कराई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाइश देने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। गौरतलब है कि यह पूरा घटनाक्रम लुंड्रा थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर करीब 4 घंटे तक चलता रहा। नीचे उतारने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मार्च 2026