बिलासपुर (ईएमएस)। आस्था का सैलाब उमड़ेगा, श्रद्धा की राहें सजेंगी...लेकिन इस बार सफर सिर्फ भक्ति का ही नहीं, खास सुरक्षा का भी होगा। नवरात्रि में मां महामाया मंदिर रतनपुर जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर पुलिस ने ऐसा प्लान तैयार किया है, जिससे भीड़ भी संभले और रास्ते भी सुरक्षित रहें। नवरात्रि पर्व के दौरान सप्तमी और अष्टमी की रात रतनपुर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था लागू की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर 25 मार्च 2026 की शाम 4 बजे से रतनपुर की ओर आने वाले भारी और मध्यम वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जाम, अव्यवस्था या किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। शहर और आसपास के प्रमुख मार्गों-चिल्हाटी मोड़, मंगला चौक, महाराणा चौक, सेंदरी अरपा पुल, कर्रा और सिल्ली मोड़ जैसे स्थानों पर वाहनों को रोका जाएगा। पूरे मार्ग में पुलिस बल तैनात रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन का उपयोग किया जाएगा। साथ ही, हुड़दंग या नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के लिए जगह-जगह ब्रीथ एनालाइजर के साथ पुलिस टीमें मौजूद रहेंगी। असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम पर दें पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे संयम और अनुशासन बनाए रखें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (9479193099) पर दें। मनोज राज 25 मार्च 2026