-आभूषणों और कीमती वस्तुओं की गिनती और सत्यापन बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में होगा पुरी,(ईएमएस)। जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार में रखे बहुमूल्य आभूषणों और खजाने की सूची तैयार करने की लंबे समय से प्रतीक्षित प्रक्रिया बुधवार से शुरू हुई। प्रशासन ने इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है और पूरे कार्यक्रम को तय शुभ मुहूर्त में पूरा किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक सूचीकरण दल के रत्न भंडार में प्रवेश के लिए दोपहर 12:09 बजे से 1:45 बजे तक का समय तय किया। इसी दौरान आभूषणों और अन्य कीमती वस्तुओं की गिनती और सत्यापन किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में होगी। सूचीकरण के दौरान वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और 3डी मैपिंग कर सभी वस्तुओं का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। सबसे पहले रत्न भंडार में रखी चल संपत्तियों की गिनती होगी, जिसके बाद वर्ष 1978 में तैयार सूची से मिलान कर सत्यापन किया जाएगा। मानक प्रक्रिया के तहत सोने के आभूषणों को पीले मखमली कपड़े में लपेटकर टिन के डिब्बों में रखा जाएगा और फिर संदूक में सुरक्षित किया जाएगा। चांदी के आभूषण सफेद या चांदी रंग के कपड़े में रखे जाएंगे, जबकि अन्य कीमती वस्तुओं को लाल मखमली कपड़े से ढककर संरक्षित किया जाएगा। मूल्यांकन के लिए विशेषज्ञों की टीम बनाई गई है, जिसमें रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के दो विशेषज्ञ, यूको बैंक का एक प्रतिनिधि और मंदिर के पारंपरिक स्वर्णकार शामिल हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सूचीकरण की प्रक्रिया त्योहार, विशेष अवसर, शनिवार और रविवार को नहीं की जाएगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के बाहर से ही भगवान के दर्शन की अनुमति होगी। सिराज/ईएमएस 25मार्च26