-इराकी उग्रवादी समूह ने 24 घंटे में 23 अमेरिकी ठिकानों को बनाया निशाना तेल अवीव,(ईएमएस)। अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग जारी है। ईरान ने मंगलवार रात कुवैत के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन से हमला किया, जिससे वहां मौजूद फ्यूल टैंक में आग लग गई। कुवैत की सेना ने जवाबी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि अगर कहीं धमाके की आवाज सुनाई दे रही है, तो वह दुश्मन के ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही मार गिराने की वजह से है। सेना ने लोगों से अपील की है कि वे सरकार के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इससे पहले कुवैत के नेशनल गार्ड ने बताया कि उसने अपने इलाके में 5 ड्रोन मार गिराए हैं। वहीं, इराक के एक उग्रवादी समूह इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक ने कहा है कि उसने पिछले 24 घंटे में अमेरिका से जुड़े 23 ठिकानों पर हमले किए हैं। ग्रुप के मुताबिक इन हमलों में ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, इन हमलों से कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। जानकारी के मुताबिक ईरान में हमलों में अब तक करीब 1,500 लोगों की मौत, 18,551 घायल हुए हैं। मरने वालों में 8 महीने के बच्चे से लेकर 88 साल तक के बुजुर्ग भी हैं। जंग में अब तक करीब 200 महिलाओं की मौत हुई। 28 फरवरी को स्कूल पर इजराइल-अमेरिकी हमले में 168 बच्चियों की मौत हो गई थी। जंग में 55 हेल्थ वर्कर्स घायल, जिनमें 11 की मौत हुई हैं। वहीं सेंट्रल गाजा में इजराइल ने हवाई हमले किए जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है। यह हमला अज-जवायदा इलाके में हुआ, जहां इजराइल ने अचानक एयर स्ट्राइक की। सिराज/ईएमएस 25मार्च26