जयपुर (ईएमएस)। भ्रष्टाचार, अतिक्रमण एवं अनियमितताओं के विरुद्ध मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जीरो टॉलरेंस और सुशासन के विजन के अनुरूप सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का जेडीए का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन के निर्देशों पर प्रवर्तन दस्ते द्वारा सहकार मार्ग इमली फाटक के पास करीब 60 करोड़ रूपये की 3500 वर्गगज सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया। उप महानिरीक्षक पुलिस श्री आनंद शर्मा ने बताया कि जोन-3 सहकार मार्ग, इमली फाटक के पास करीब 3500 वर्गगज पार्क की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बांस-तम्बू, झुग्गी-झोपडी, तिरपाल इत्यादि लगाकर तथा ट्री गार्ड, लोहे लक्कड, फर्नीचर व अन्य सामान डालकर किये गये अतिक्रमणों को मंगलवार को इस जोन के राजस्व व तकनीकी स्टाफ की निशादेही पर प्रवर्तन दस्ते ने हटवाया। इस अतिक्रमणमुक्त भूमि की अनुमानित कीमत करीब 60 करोड़ रूपये है।जेडीए द्वारा जोन-17 के क्षेत्राधिकार में अवस्थित सीकर रोड़, टांटिया बास, टोल टैक्स के पास, जिला जयपुर में जेडीए की योजना राजारामपुरा के प्लॉट नं. 28, 29 व 30 की करीब 1000 वर्गगज सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाये गई बाउण्ड्रीवाल, टीनशेडनुमा कमरे व अन्य सामान डालकर अतिक्रमण किये जाने की सूचना प्राप्त होने पर किये गये अतिक्रमण को प्रवर्तन अधिकारी जोन-17 की मौजूदगी में राजस्व व तकनीकी स्टॉफ ने जेसीबी मशीन व मजदूरों की सहायता से हटवाया और इस भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया।ये कार्रवाईयां मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन शिल्पा चौधरी के पर्यवेक्षण में उपनियंत्रक प्रवर्तन-तृतीय, चतुर्थ, प्रवर्तन अधिकारी जोन-17 व 3 तथा प्राधिकरण में उपलब्ध जाप्ते, लेबर गार्ड एवं जोन में पदस्थापित राजस्व व तकनीकी स्टॉफ की निशादेही पर प्रवर्तन दस्ते द्वारा की गई। अशोक शर्मा/ 5:40 बजे/25 मार्च 2026