राज्य
25-Mar-2026


सीतापुर (ईएमएस)। यूपी के सीतापुर में बुधवार को नहर पटरी के किनारे युवती की लाश पड़ी मिली। उसके सिर पर वार करके हत्या की गई है। पुलिस ने मौका मुआयना करके जानकारी जुटाई है। घटना संदना थाना क्षेत्र के लौली की पुलिया से लौली गांव को जाने वाले मार्ग की है। यहां पर नहर पटरी के किनारे राहगीरों ने लहूलुहान हालत में युवती की लाश पड़ी देखाी। पास जाकर देखा तो सिर पर चोट के निशान थे। सूचना पर पुलिस और फ़ोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्ट्या युवती के सिर पर धारदार हथियार से हमला करने की बात सामने आई है। इससे काफी खून बह चुका था। शव से कुछ ही दूरी पर पुलिस को एक मोबाइल फोन भी पड़ा मिला है। माना जा रहा है कि यह मोबाइल मृतका का हो सकता है। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि साक्ष्य संकलन के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम ने घटनास्थल से फिंगर प्रिंट्स और साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। इसे कहीं और अंजाम देकर शव को यहां फेंका गया है, या यहीं पर हत्या की गई है। इसकी जांच की जा रही है। मृतका की उम्र करीब 20-25 वर्ष के बीच है। पुलिस युवती की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। इसके चलते पुलिस आसपास के जिलों और थानों से संपर्क कर रही है। ताकि, हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान किया जा सके। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जितेन्द्र 25 मार्च 2026