सोनभद्र (ईएमएस)। यूपी के सोनभद्र जिले के करमा थाना क्षेत्र के करकी माइनर के पास रॉबर्ट्सगंज-मिर्जापुर मुख्य मार्ग पर दर्दनाक हादसा हुआ। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दंपती समेत तीन की मौत हो गई। दंपती जौनपुर के निवासी थे। हादसे में दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक जौनपुर के मोकलपुर निवासी जय सिंह अपनी पत्नी सरिता सिंह को लेकर बाइक से रॉबर्ट्सगंज की तरफ से जा रहे थे। करकी माईनर के पास विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हुई। हादसे में दंपती जय सिंह, सरिता सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार करमा के तिलौली निवासी चंदू, सकाही निवासी कृष्णा और अक्षय को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लोढ़ी भेजा गया, जहां उपचार के दौरान चंदू की भी मौत हो गई। कृष्णा और अक्षय का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जितेन्द्र 25 मार्च 2026