सेंसेक्स 1372 , निफ्टी 399 अंक उछला मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार बुधवार को भी लगातार दूसरे कारोबारी दिन तेजी के साथ बंद हुआ। इससे पहले मंगलवार को भी बाजार उछाल के साथ बंद हुआ था। बाजार में ये तेजी मध्यपूर्व में संघर्ष घटने की संभावनाओं के कारण , विेदेशी बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही खरीददारी हावी होने से आई है। इसी कारण दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1372.06 अंक उछलकर 74,068.45 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 399. 75 अंक बढ़कर 22,912.40 पर बंद हुआ। बाजार में आये इस उछाल का कारण अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होना है। अमेरिका ने बातचीत के लिए और समय देने के लिए ईरान की ऊर्जा केन्द्रो पर हमलों को रोकने का आदेश भी दिया है। वहीं कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर से नीचे आने से भी बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें 5 फीसदी से अधिक गिरकर 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गईं हैं। ब्रेंट ऑयल के जून फ्यूचर्स भाव भी गिरकर लगभग 93.45 डॉलर पर आ गए। आज कारोबर के दौरान निफ्टी 50 की कंपनियों में सबसे ज़्यादा बढ़त श्रीराम फाइनेंस के शेयरों में रहीं। , जिसमें 5.80 फीसदी की बढ़त रही। इसके बाद, अल्ट्राटेक सीमेंट्स में 4.09 फीसदी की बढ़त, बजाज फाइनेंस में 3.98 फीसदी की बढ़त, ग्रासिम इंडस्ट्रीज में 3.86 फीसदी की तेज़ी और अडानी एंटरप्राइजेज में 3.78 फीसदी की बढ़त रही। निफ्टी की कंपनियों में सबसे ज़्यादा नुकसान टेक महिंद्रा को हुआ जिसमें 1.69 फीसदी की गिरावट देखी गई। इसके बाद, पावर ग्रिड में 1.34 फीसदी की गिरावट, टीसीएस में 0.90 फीसदी की गिरावट और भारत इलेक्ट्रॉनिक लिमिटेड में 0.25 फीसदी की गिरावट दर्ज की गयी। इससे पहले आज सुबह सेंसेक्स 1610.04 अंक चढ़कर 75,678.49 अंक पर आ गया। वहीं निफ्टी 505.20 अंक चढ़कर 23,417.60 अंक पर आ गया। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक तनाव में कमी की उम्मीद और विदेशी बाजारों में सकारात्मक रुख से भारतीय बाजार को समर्थन मिला है। निवेशकों ने आईटी, बैंकिंग और मेटल सेक्टर में खरीदारी दिखाई, जिससे बाजार को अतिरिक्त मजबूती मिली। कुल मिलाकर, बाजार में फिलहाल सकारात्मक धारणा बनी रही। वहीं जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और ऑस्ट्रेलिया के बाजार बुधवार को शुरुआती कारोबार में बढ़त के साथ खुले। जापान का निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी क्रमशः 2.9 फीसदी और 3.05 फीसदी रहा। वहीं, अमेरिका में एसएंडपी 500 और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल औसत 0.37 फीसदी और 0.18 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए। ईएमएस 25 मार्च 2026