25-Mar-2026
...


राजगढ़(ईएमएस)l जिले में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी द्वारा राजगढ़ स्थित नर्सिंग महाविद्यालय एवं छात्रावास में छात्राओं हेतु विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी श्रीमती मंजू मखेनिया एवं उपनिरीक्षक श्रीमती सरिता मिश्रा द्वारा छात्राओं को महिला अपराधों, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1090/1091 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी देकर उनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया गया तथा छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसी प्रकार थाना नरसिंहगढ़ में एसडीओपी सुश्री मिनी शुक्ला (आईपीएस), थाना प्रभारी नरसिंहगढ़ निरीक्षक शिवराज सिंह चौहान एवं थाना स्टाफ द्वारा महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं एवं महिलाओं को विभिन्न अपराधों से बचाव हेतु जागरूक किया गया। थाना सारंगपुर क्षेत्र में यादव नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं को एसडीओपी सारंगपुर अरविंद सिंह एवं थाना सारंगपुर स्टाफ द्वारा साइबर अपराधों से बचाव एवं महिला सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया गया। इसी क्रम में थाना ब्यावरा क्षेत्र के विद्यालय में छात्राओं को एसडीओपी ब्यावरा प्रकाश शर्मा एवं थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह धाकड़ व स्टाफ ब्यावरा द्वारा साइबर क्राइम एवं महिला सुरक्षा के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। थाना खिलचीपुर में थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती एवं थाना स्टाफ द्वारा सरदार पटेल स्कूल में छात्राओं को साइबर अपराधों एवं महिला सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया गया। सभी कार्यक्रमों में छात्राओं एवं महिलाओं को “गुड टच-बैड टच”, आत्मरक्षा के उपाय, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर (डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1090/1091, साइबर हेल्पलाइन 1930), ऑनलाइन ठगी से बचाव, फर्जी कॉल/लिंक से सावधानी बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। राजगढ़ पुलिस द्वारा इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, आत्मविश्वास एवं जागरूकता को सुदृढ़ करना है। -निखिल/राजगढ़/25/3/2026