25-Mar-2026
...


डोंगरगढ़/राजनांदगांव(ईएमएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आयाम के तत्वाधान में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उन्मूलन के उद्देश्य से एक व्यापक जनजागरण अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान धार्मिक स्थलों को केंद्र में रखते हुए डोंगरगढ़ स्थित माँ बमलेश्वरी मंदिर एवं राजनांदगांव नगर स्थित माँ पाताल भैरवी मंदिर परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह अभियान विशेष रूप से उन स्थानों पर केंद्रित था, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है और अनजाने में सिंगल यूज़ प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग होता है। परिषद के कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में पहुंचकर श्रद्धालुओं, दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यकर्ताओं ने लोगों को बताया कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक न केवल पर्यावरण के लिए घातक है, बल्कि यह भूमि, जल एवं जीव-जंतुओं के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। प्लास्टिक के कारण नालियों के जाम होने, प्रदूषण बढ़ने एवं पशुओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे पूजन सामग्री, प्रसाद एवं अन्य वस्तुओं के लिए प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग न करें और इसके स्थान पर कपड़े अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाएं। दुकानदारों से भी विशेष रूप से अपील की गई कि वे अपने प्रतिष्ठानों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद करें और ग्राहकों को वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराएं। अभियान के अंतर्गत एक विशेष पहल के रूप में श्रद्धालुओं को निःशुल्क कपड़े के थैलों का वितरण किया गया, जिससे वे तत्काल प्लास्टिक के उपयोग से बच सकें। इस पहल को श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों द्वारा सकारात्मक प्रतिसाद मिला और कई लोगों ने भविष्य में प्लास्टिक का उपयोग न करने का संकल्प भी लिया। यह कार्यक्रम केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर भी जोर दिया। जिला संयोजक धनंजय पाण्डेय ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। यदि हम अभी से छोटे-छोटे प्रयासों की शुरुआत करें, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित कर सकते हैं। ABVP का यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में स्थायी परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक का पूर्णतः बहिष्कार करें और ‘प्लास्टिक मुक्त भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।” डोंगरगढ़ निवासी ABVP प्रदेश सहमंत्री अमन बृज नामदेव ने बताया कि पूर्व वर्षों में नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आयाम SFS (Students for Seva) के माध्यम से प्रशासन के साथ मिलकर भीड़ नियंत्रण हेतु कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा दी गई है तथा भविष्य में इसे और बेहतर स्तर पर संचालित करने की योजना है। उक्त अभियान के दौरान विभाग छात्रा प्रमुख पूर्वा समर्थ नगर सह मंत्री भूपेंद्र पाल, नगर महाविद्यालय प्रमुख जीत शर्मा, नगर SFD प्रमुख कुलदीप पाल, नगर SFS प्रमुख चैतन्या द्विवेदी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चांदना श्रीवास्तव,प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जीत प्रजापति, प्रतीक गढ़वाल, सह प्रमुख सुश्री वेणुका, राष्ट्रीय कला मंच प्रमुख सुश्री युक्ता मांडवी, सह प्रमुख सुश्री प्रिया, नगर सोशल मीडिया संयोजक यश श्रीवास्तव, सह प्रमुख ओजस ऊईके, नगर मंत्री अक्षत श्रीवास्तव । ईएमएस , 25 मार्च, 2026