- महिला ने इसी तरीके का इस्तेमाल करके तीन और लोगों को भी अपना शिकार बनाया था नवी मुंबई, (ईएमएस)। दो हफ़्ते पहले कर्जत पुलिस ने 25 साल की एक महिला को गिरफ़्तार किया था। इस महिला पर आरोप था कि उसने नागपुर के 61 साल के एक व्यक्ति को, जिससे उसकी दोस्ती फ़ेसबुक पर हुई थी, मिलने के बहाने अगवा किया और उससे 2.5 लाख रुपये लूट लिए। अब पता चला है कि इस महिला ने इसी तरीके का इस्तेमाल करके तीन और लोगों को भी अपना शिकार बनाया था। पुलिस के अनुसार जब अदिति धोके की गिरफ़्तारी की ख़बरें सामने आईं, तो पुणे के 35 साल के एक व्यक्ति और कर्जत के दो अन्य लोगों ने पुलिस से संपर्क किया। पुणे के रहने वाले पंकज धाडगे, जिनकी एफआईआर सोमवार को दर्ज की गई थी, ने बताया कि धोके ने फ़ेसबुक पर उनसे दोस्ती की थी और उनसे मिलने के लिए लगातार ज़ोर डाल रही थी। पिछले साल 29 दिसंबर को वह मुंबई जाने वाली ट्रेन में सवार हुए और धोके से मिलने के लिए कर्जत में उतर गए। धोके उन्हें कार में घुमाती रही और उसके दो साथियों ने उनसे 35,000 रुपये लूट लिए। बाद में धाडगे को सड़क पर ही छोड़ दिया गया। धोके को उसके एक साथी सुशील जाधव के साथ 11 मार्च को गिरफ़्तार किया गया था। उसके दो अन्य साथी अभी भी फ़रार हैं। स्वेता/संतोष झा-२५ मार्च/२०२६/ईएमएस