राष्ट्रीय
25-Mar-2026
...


-वायरल वीडियो में सनोज मिश्रा पर छेड़छाड़ का आरोप मुंबई,(ईएमएस)। महाकुंभ के दौरान सुर्खियों में आईं ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा भोसले एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। इस बार उन्होंने अपने परिवार और फिल्ममेकर सनोज मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दरअसल मोनालिसा ने एक वायरल वीडियो में दावा किया कि उनके माता-पिता को केवल पैसों से मतलब है और बचपन से उन्हें पारिवारिक स्नेह नहीं मिला। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मोनालिसा भावुक होकर कह रही हैं, कि उन्होंने अपने भाई-बहनों की परवरिश खुद की, जबकि उनकी मां शराब पीती थीं और पिता दूसरी महिलाओं के साथ रहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार अब दिखावा कर रहा है और उनके संघर्षों को नजरअंदाज कर रहा है। यही नहीं फिल्ममेकर सनोज मिश्रा पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए मोनालिसा कहती देखी जा रहीं, उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके साथ गलत व्यवहार किया गया। उन्होंने दावा किया कि मिश्रा ने उन्हें कई बार अनुचित तरीके से छुआ। जब उन्होंने इस बारे में परिवार को बताया, तो उनका साथ नहीं दिया गया। मोनालिसा ने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म के नाम पर उन पर दबाव बनाया गया और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म पूरी करने के बाद भी उन पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। मोनालिसा के अनुसार, उन्होंने किसी प्रकार के निजी जीवन से जुड़े प्रतिबंधों पर सहमति नहीं दी थी, लेकिन इसके बावजूद उनके फैसलों में दखल देने की कोशिश की गई। वैसे ईएमएस न्यूज एजेंसी ऐसे किसी वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती है। गौरतलब है कि मोनालिसा भोसले महाकुंभ के दौरान अपने पिता के साथ माला बेचते हुए सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। उनकी आंखों और व्यक्तित्व ने लोगों का ध्यान खींचा, जिसके बाद उन्हें फिल्म में काम करने का प्रस्ताव मिला। शादी के बाद आई फिर चर्चा में हाल ही में उन्होंने फरमान नामक युवक से शादी की, जिसके बाद वह फिर चर्चा में आ गईं। फिलहाल, इन आरोपों पर फिल्ममेकर या परिवार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामला सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बन गया है। हिदायत/ईएमएस 25मार्च26