राज्य
25-Mar-2026


भोपाल(ईएमएस)। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बुधवार को नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड क्र. 58 के रचना नगर में सामुदायिक भवन सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान कीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि सामुदायिक भवन केवल एक भवन नहीं बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गतिविधियों और जनभागीदारी का केंद्र बनेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए एक सुसज्जित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। मंत्री सारंग ने कहा कि नरेला विधानसभा में निरंतर विकास कार्यों के माध्यम से नागरिकों के जीवन को सुगम और सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नरेला क्षेत्र को एक आदर्श एवं आधुनिक विधानसभा के रूप में विकसित किया जा रहा है। आगे उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता केवल निर्माण कार्य कराना नहीं बल्कि जनसुविधाओं को स्थायी और गुणवत्तापूर्ण बनाना है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने मंत्री सारंग का पुष्प वर्षा एवं ढोल-ताशों के साथ भव्य स्वागत किया तथा क्षेत्र में हो रहे निरंतर विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। नागरिकों ने कहा कि इन कार्यों से न केवल सुविधाएं बढ़ेंगी बल्कि क्षेत्र की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। हरि प्रसाद पाल / 25 मार्च, 2026