राज्य
25-Mar-2026


:: ब्रेन डेड डोनर से मिली किडनियों का दो मरीजों में सफल प्रत्यारोपण; शहर के चिकित्सा इतिहास में नई मिसाल :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के चिकित्सा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए शैल्बी हॉस्पिटल की ट्रांसप्लांट टीम ने एक ही दिन में दो अलग-अलग मरीजों में मस्तिष्क मृत्यु (ब्रेन डेड) डोनर से प्राप्त किडनियों का सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण किया है। सोटो (SOTTO) के नियमों के तहत पहली किडनी दोपहर 12:30 बजे अस्पताल को प्राप्त हुई थी, जिसका प्रत्यारोपण विशेषज्ञों की देखरेख में तत्काल कर दिया गया। इसके पश्चात शाम लगभग 4:00 बजे सूचना प्राप्त हुई कि दूसरी किडनी किसी अन्य केंद्र पर मरीज की गंभीर स्थिति के कारण प्रत्यारोपित नहीं हो पा रही है और उसे शैल्बी हॉस्पिटल को रीलोकेट किया जा रहा है। अस्पताल की टीम ने त्वरित निर्णय लेते हुए वेटिंग लिस्ट में उपलब्ध उपयुक्त मरीज से संपर्क किया और सहमति प्राप्त कर दूसरी किडनी का भी सफल प्रत्यारोपण सुनिश्चित किया। :: विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने दिखाया कौशल :: इस जटिल प्रक्रिया और सफलता में ट्रांसप्लांट सर्जन विनीत नाजा जैन तथा नेफ्रोलॉजिस्ट राहुल शुक्ला की मुख्य भूमिका रही। इसके अतिरिक्त टीम के अन्य सदस्यों - शशांक चौरसिया, विवेक चंद्रावत एवं विभोर अकोतिया ने भी विशेष योगदान दिया। ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेशन में हेमलता के कुशल समन्वय से पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हुई। अस्पताल प्रबंधन की ओर से विवेक जोशी, वेंकटेश एवं अभिषेक का मार्गदर्शन इस पूरी प्रक्रिया में सहायक रहा। :: अंगदान के प्रति डोनर परिवार का आभार :: अस्पताल प्रबंधन ने डोनर के परिवार के प्रति गहरी कृतज्ञता और आभार व्यक्त किया है। प्रबंधन का कहना है कि दुख की घड़ी में परिवार द्वारा लिया गया यह प्रेरणादायक निर्णय ही समाज में अंगदान के महत्व को आगे बढ़ाता है। इस उपलब्धि के साथ शैल्बी हॉस्पिटल ने सीमित समय में दो सफल प्रत्यारोपण कर शहर में चिकित्सा सेवा का नया मानक स्थापित किया है। प्रकाश/24 मार्च 2026