- 15 दिन से अस्थायी बाड़े में थे बंद ; हंगामे के बाद जांच के आदेश सीधी (ईएमएस)। सीधी जिले की पनवार सेंगरान ग्राम पंचायत में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां एक अस्थायी बाड़े में बंद 10 गायों की भूख और प्यास से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में नाराजगी का माहौल है और प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। सूचना मिलने पर शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे और गौरक्षा दल के केशव मिश्रा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाड़े में बंद करीब 40 अन्य गायों को बाहर निकाला। मृत गायों को बाद में दफनाया गया। विवेक पांडे ने आरोप लगाया कि पंचायत ने आवारा मवेशियों को बाड़े में तो बंद कर दिया, लेकिन उनके लिए खाने और पानी की कोई व्यवस्था नहीं की गई। ग्रामीण राधेश्याम कोल ने बताया कि मवेशी करीब 15 दिनों से बाड़े में बंद थे और तेज धूप में परेशान हो रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सचिव और जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार सूचना दी गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसी वजह से यह स्थिति बनी और 10 गायों की जान चली गई। सचिव बोले-मामले की जानकारी नहीं वहीं, ग्राम पंचायत सचिव इंदु सिंह ने इस मामले से अनजान होने की बात कही है। उन्होंने आरोपों को गलत बताया और कहा कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। जांच के आदेश, कार्रवाई का आश्वासन जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि उन्हें पहले इस घटना की जानकारी नहीं थी। अब मामले में सचिव को नोटिस जारी किया जाएगा और अधिकारियों को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।