मनोरंजन
26-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता और फिल्ममेकर सौरभ शुक्ला ने अपने विचार साझा किए और रिश्तों में सच्चाई की अहमियत पर जोर दिया। इस दौरान सौरभ शुक्ला ने कहा कि किसी भी रिश्ते की असली ताकत ईमानदारी होती है। उनका मानना है कि हर व्यक्ति को अपने रिश्ते में एक खुली किताब की तरह होना चाहिए, जहां कोई बात छुपाने की जरूरत न पड़े। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति रिश्ते में सच छुपाता है, तो उस समय भले ही स्थिति संभाल ली जाए, लेकिन लंबे समय में इसका असर काफी नकारात्मक होता है। उन्होंने आगे बताया कि जब छुपाई गई सच्चाई सामने आती है, तो सबसे ज्यादा तकलीफ इस बात की होती है कि आपको उस सच से अनजान रखा गया। यही भावना धीरे-धीरे एक बड़े धोखे का रूप ले लेती है। इसके बाद रिश्ते में शक की भावना जन्म लेती है, जिससे दूसरा व्यक्ति हर बात पर सवाल उठाने लगता है। यह स्थिति रिश्ते की नींव को कमजोर कर देती है और भरोसा धीरे-धीरे खत्म होने लगता है। सौरभ शुक्ला के अनुसार, अगर रिश्तों में खुलापन और पारदर्शिता हो, तो वे और मजबूत बनते हैं। जब दोनों लोग बिना किसी डर या झिझक के एक-दूसरे के साथ अपनी हर बात साझा करते हैं, तो आपसी समझ और विश्वास दोनों बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि एक आदर्श रिश्ता वही होता है, जिसमें दोनों पार्टनर पूरी सच्चाई के साथ एक-दूसरे के सामने हों। उन्होंने अपनी फिल्म जब खुली किताब का जिक्र करते हुए इस विचार को और स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि फिल्म में एक कपल की जिंदगी शुरुआत में बिल्कुल परफेक्ट दिखाई देती है, जैसे बिना किसी दरार वाली दीवार। लेकिन जैसे ही एक सच्चाई सामने आती है, उनके रिश्ते में दरार पड़ जाती है और सब कुछ बिखरने लगता है। हालांकि, उसी दरार के जरिए सच्चाई की रोशनी भी अंदर आती है, जिससे दोनों एक-दूसरे को सही मायनों में समझ पाते हैं। सौरभ ने यह भी कहा कि जब सच सामने आ जाता है, तो फिर कुछ भी छुपाने के लिए नहीं बचता। ऐसे में दोनों पार्टनर एक-दूसरे की खूबियों और कमियों को स्वीकार करते हैं। अगर इसके बाद भी वे साथ रहने का फैसला करते हैं, तो उनका रिश्ता पहले से ज्यादा मजबूत और गहरा हो जाता है। मालूम हो कि रिश्तों में भरोसा और समझ सबसे महत्वपूर्ण माने जाते हैं, लेकिन कई बार लोग इन्हें बचाए रखने के लिए झूठ का सहारा ले लेते हैं, जो आगे चलकर रिश्तों में दरार पैदा कर देता है। सुदामा/ईएमएस 26 मार्च 2026