मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर के नाम एक ऐसा रिकार्ड है जो किसी भी अन्य भारतीय क्रिकेटर के नाम नहीं है। गावस्कर एकमात्र ऐसे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने लगातार 100 से ज्यादा टेस्ट मैच खेले हैं। वहीं किसी भी अन्य भारतीय क्रिकेटर ने लगातार इतने टेस्ट नहीं खेले हैं क्योंकि टेस्ट क्रिकेट में पांच दिनों तक खेलने के दौरा चोटिल होने का खतरा बना रहता है। भारत के अलावा अन्य देशों के भी कई क्रिकेटरों के नाम लगातार सौ से अधिक टेस्ट खेलने का रिकार्ड है। सुनील गावस्कर (भारत) – जनवरी 1975 से फरवरी 1987 तक 106 टेस्ट महान सलामी बल्लेबाजों में शामिल गावस्कर ने 70 और 80 के दशक में अपनी बल्लेबाजी से दुनिया भर में अपनी धाक जमाई। उस दौर में बिन हेलमेट के खेलते हुए गावस्कर ने अपने करियर में कुल 125 टेस्ट खेले। इसमें से 106 लगातार खेले। वे 10,000 टेस्ट रन पूरे करने वाले पहले क्रिकेटर बने। उन्होंने 10,122 रन बनाए, औसत 51.12 रहा! वे 30 टेस्ट शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी थे और 34 टेस्ट शतकों का रिकॉर्ड उनके नाम था। एलन बॉर्डर (ऑस्ट्रेलिया) – मार्च 1979 से मार्च 1994 तक 153 टेस्ट ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर को एक अच्छे कप्तान के रूप में याद किया जाता है। बाएं हाथ के बल्लेबाज बॉर्डर ने टेस्ट में 11 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने अपने करियर में 156 में से 153 टेस्ट लगातार खेले हैं। . लंबे समय तक यह रिकॉर्ड उनके नाम रहा जिसे बाद में कुक ने तोड़ा। 1994 में संन्यास के समय बॉर्डर ने सबसे ज्यादा टेस्ट, सबसे ज्यादा लगातार टेस्ट, सबसे ज्यादा टेस्ट कप्तान के तौर पर और सबसे ज्यादा कैच लेने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था. मार्क वॉ (ऑस्ट्रेलिया) – जून 1993 से अक्टूबर 2002 तक 107 टेस्ट ऑलराउंडर मार्क वॉ ने 3 जून 1993 से 19 अक्टूबर 2002 के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए लगातार 107 टेस्ट खेले। 128 टेस्ट मैचों में वॉ ने 8029 रन और 59 विकेट लिए। ब्रेंडन मैक्कलम (न्यूजीलैंड) – मार्च 2004 से फरवरी 2016 तक 101 टेस्ट न्यूजीलैंड के करिश्माई क्रिकेटर ब्रेंडन मैक्कलम ने करियर के सभी 101 टेस्ट लगातार खेले। मैक्कलम ने 6453 टेस्ट रन बनाए। 14 साल के करियर में उन्होंने 2 टेस्ट शतक और 31 अर्धशतक लगाए। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज शतक 54 गेंद में लगाने का रिकॉर्ड भी हैं। एलेस्टेयर कुक (इंग्लैंड) – मई 2006 से सितंबर 2018 तक 159 टेस्ट इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलेस्टेयर कुक ने 11 मई 2006 से 7 सितंबर 2018 के बीच अपने करियर के 161 में से 159 टेस्ट लगातार खेले। कुक ने 2018 में 33 साल की उम्र में क्रिकेट से संन्यास लिया था। वे टेस्ट क्रिकेट में 11,000 और 12,000 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले सलामी बल्लेबाज हैं। गिरजा/ईएमएस 26 मार्च 2026