रायपुर(ईएमएस)। नवरात्रि के आठवें दिन महाअष्टमी के अवसर पर राजधानी रायपुर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आई। मां महागौरी की पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही शहर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह हवन, पूजन और आरती के आयोजन किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। महाअष्टमी के पावन दिन पर मंदिरों में विशेष सजावट की गई है और श्रद्धालु माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही दर्शन के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे पूरे शहर में आस्था का माहौल बना हुआ है। रावांभाठा स्थित प्रसिद्ध बंजारी माता मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ रही। यहां श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। बंजारी माता मंदिर को लेकर मान्यता है कि इसकी खोज बंजारा समाज द्वारा की गई थी, जिसके कारण इसका नाम बंजारी माता मंदिर पड़ा। मंदिर के गर्भगृह में स्थापित प्रतिमा को मां बगलामुखी का स्वरूप माना जाता है, जो पास के जंगल से प्राप्त हुई थी। इसके अलावा मंदिर से जुड़ी एक अनोखी मान्यता भी प्रचलित है। कहा जाता है कि यहां समय-समय पर नाग-नागिन के जोड़े दर्शन देने आते हैं। पुजारियों के अनुसार पहले एक जोड़ा दिखाई देता था, लेकिन अब कई जोड़े यहां देखे जाने लगे हैं। महाअष्टमी के इस पावन अवसर पर रायपुर के मंदिरों में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर शहर की गहरी धार्मिक आस्था को दर्शाया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 मार्च 2026