जांजगीर(ईएमएस)। जिले के थाना जैजैपुर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चोरी के आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुरेन्द्र कुमार पटेल (26) वर्ष 2024 से फरार था। उस पर वर्ष 2022 में संजय नगर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला वार्ड 03 के पास संचालित स्पंदना स्फुर्ती फाइनेंशियल लिमिटेड की शाखा से 1,84,101 रुपये चोरी करने का आरोप है। घटना 6 दिसंबर 2023 की बताई जा रही है, जब शाखा कार्यालय को ताला बंद कर स्टाफ फील्ड ड्यूटी पर गया हुआ था। इसी दौरान कार्यालय में कार्यरत सुरेन्द्र पटेल ने मौका पाकर तिजोरी से नकदी पार कर दी और फरार हो गया। मामले में प्रार्थी तिलक सिंह सोलंकी की शिकायत पर थाना जैजैपुर में अपराध दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।