क्षेत्रीय
26-Mar-2026


कांकेर(ईएमएस)। जिले के दुर्गूकोंदल क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरा एक वाहन पकड़ने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई रात रात्रि गश्त के दौरान की गई। जानकारी के मुताबिक, गश्त के दौरान टीम को एक संदिग्ध वाहन दिखाई दिया, जिसे रोककर जांच की गई। जांच में वाहन में मोदे प्रजाति की लकड़ी भरी हुई पाई गई, जिसे अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। आगे की जांच में यह सामने आया कि लकड़ी आरएफ 616 क्षेत्र से काटी गई है, जो वन विकास निगम के अंतर्गत आता है। मामले की प्रकृति को देखते हुए वन विभाग दुर्गूकोंदल ने आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण को वन विकास निगम भानुप्रतापपुर को सौंप दिया है। इस कार्रवाई में डिप्टी रेंजर श्रीकांत यदु (हाटकोंदल), तेजभान सोरी, डोमेन्द्र कांगे, दुर्गेश देवांगन और रोहित नाग सहित वन विभाग की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने बताया कि टीम के समन्वित प्रयास से यह सफलता मिली है। वनमंडलाधिकारी ऋषभ जैन, उप मंडलाधिकारी आईपी गेदरे और वन परिक्षेत्र अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि इस तरह की गतिविधियों की जानकारी तुरंत विभाग को दें। ईएमएस(राकेश गुप्ता)26 मार्च 2026