क्षेत्रीय
26-Mar-2026


कांकेर(ईएसएम)। देश के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा धर्मांतरित व्यक्तियों को आरक्षण का लाभ नहीं देने संबंधी फैसले का जिले में स्वागत किया गया। भानुप्रतापपुर के मेन चौक में सनातन समाज के लोगों ने एकत्र होकर इस निर्णय पर खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को बधाई दी। इस दौरान शिवसेना के प्रदेश महासचिव चंद्रमौली मिश्रा ने कहा कि यह फैसला समाज के लिए महत्वपूर्ण है और इससे आरक्षित वर्ग के वास्तविक हितों की रक्षा होगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस मुद्दे पर स्पष्टता की जरूरत थी, जिसे अब न्यायालय के निर्णय से दिशा मिली है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने फैसले को स्वागत योग्य बताते हुए इसे सामाजिक संतुलन की दिशा में अहम कदम बताया। साथ ही सनातन समाज के लोगों ने देशभर के नागरिकों को इस निर्णय के लिए बधाई दी। इस मौके पर क्षेत्र में धर्मांतरण के विरोध में सक्रिय भूमिका निभाने वाले देवेंद्र टेकाम का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के लोगों की मौजूदगी रही, जिन्होंने एकजुटता का संदेश दिया। हालांकि, इस विषय पर अलग-अलग वर्गों की अपनी-अपनी राय है और यह मुद्दा व्यापक सामाजिक व कानूनी विमर्श का विषय बना हुआ है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)26 मार्च 2026