जगदलपुर(ईएमएस)। जिले के सेंट्रल जेल से एक कैदी के फरार होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। कैदी जेल की ऊंची दीवार फांदकर भागने में सफल हो गया, जिससे जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक कैदी ने प्रहरियों को चकमा देकर बैरक से बाहर निकलने का मौका हासिल किया। इसके बाद वह जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया। कैदियों की गिनती के दौरान जब एक कैदी कम पाया गया, तब इस घटना का खुलासा हुआ। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। फरार कैदी की तलाश में शहर और आसपास के इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही, जेल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि भागने के तरीके और समय का पता लगाया जा सके। फिलहाल फरार कैदी की पहचान और वह किस मामले में जेल में बंद था, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। साथ ही इस घटना में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 मार्च 2026