- 5वीं में 96.47% व 8वीं में 95.50% विद्यार्थी हुए पास, रिजल्ट 95% के पार राजगढ़(ईएमएस)l गत दिवस जिले में कक्षा 5वीं व 8वीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया। इस बार दोनों कक्षाओं में जिले का परिणाम 95 प्रतिशत से ऊपर रहा। कक्षा 5वीं में 96.47 प्रतिशत व कक्षा 8वीं में 95.50 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। खास बात ये रही कि इस बार दोनों कक्षाओं का परिणाम पिछले साल के मुकाबले बेहतर रहा। हालांकि परिणाम जारी होने के बाद पोर्टल पर एक साथ अधिक लोड आने से सर्वर स्लो रहा, जिससे बच्चे व अभिभावक दिनभर परेशान होते रहे। जिले में 20 फरवरी से 28 फरवरी 2026 के बीच कक्षा 5वीं व 8वीं की वार्षिक परीक्षा कराई गई थी। परिणाम 25 मार्च 2026 को पोर्टल पर जारी किया गया। विद्यार्थी व अभिभावक रोल नंबर डालकर परिणाम देख सकते थे, लेकिन कई जगह पोर्टल धीमा चलने से परिणाम देखने में परेशानी हुई। इस परीक्षा में जो विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे हैं या परीक्षा में गैर हाजिर रहे, उनके लिए राज्य स्तर से करीब दो महीने बाद फिर परीक्षा का प्रावधान रहेगा। इसके लिए अलग से समय सारणी जारी की जाएगी। साथ ही विस्तृत परिणाम जारी होने के बाद ब्लॉक व स्कूलवार समीक्षा भी की जाएगी। - 5वीं में ब्लॉकवार स्थिति राजगढ़-97.51 प्रतिशत, ब्यावरा-97.37 प्रतिशत, सारंगपुर-97.30 प्रतिशत, नरसिंहगढ़-96.06 प्रतिशत, जीरापुर-95.15, प्रतिशत, खिलचीपुर-94.95 प्रतिशत रहा l इस बार जिले ने दोनों कक्षाओं में साफ सुधार दर्ज किया है। कक्षा 5वीं में पिछले साल जिले का परिणाम 92.53 प्रतिशत था, जो इस बार बढ़कर 96.47 प्रतिशत पहुंच गया। यानी करीब 3.94 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई। वहीं कक्षा 8वीं में पिछले साल परिणाम 90.69 प्रतिशत था, जो इस बार बढ़कर 95.50 प्रतिशत हो गया। यानी यहां करीब 4.81 प्रतिशत सुधार हुआ। जिले में कक्षा 5वीं में कुल 27,911 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 26,927 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। वहीं कक्षा 8वीं में 25,402 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 24,258 विद्यार्थी पास हुए। ग्रेड की बात करें तो कक्षा 5वीं में 7,814 विद्यार्थियों को ए व ए प्लस ग्रेड मिला, जबकि कक्षा 8वीं में 10,530 विद्यार्थियों ने ए व ए प्लस ग्रेड हासिल किया। -निखिल/राजगढ़/26/3/2026