बलरामपुर(ईएमएस)। जिले में महुआ बीनने जंगल गए एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 7 बजे की है। सेवारी गांव का 50 वर्षीय कहरु कोरवा सुबह महुआ बीनने जंगल गया था। इसी दौरान अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह घायल कर दिया। हमले में भालू ने ग्रामीण के शरीर को नोंच दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वन विभाग के कर्मचारी भी अस्पताल पहुंचे और घायल के इलाज के लिए तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की। गौरतलब है कि इन दिनों महुआ सीजन के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगलों में जाते हैं, जिससे भालू जैसे जंगली जानवरों के हमले की घटनाएं बढ़ जाती हैं। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और समूह में जंगल जाने की अपील की है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 मार्च 2026