- अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध धमतरी(ईएमएस)। रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिले में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन ने साफ कर दिया कि सभी कार्यक्रम सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही होंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। बैठक में रामनवमी आयोजन समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, ध्वनि नियंत्रण और कानून-व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस बार शोभायात्रा में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर भी रोक रहेगी। देर रात तक दुकानें खुली रखने से बचने की अपील भी की गई है। परंपरा के अनुसार, बनियापारा से भगवान श्रीराम-जानकी का रथ नगर भ्रमण के लिए निकलेगा, जिसमें आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। आयोजन में डीजे, धुमाल और पारंपरिक वाद्य यंत्रों का भी समावेश रहेगा। रामनवमी आयोजन समिति के तीरथ राज फुटान और अशोक पवार ने बताया कि इस वर्ष भी दो दिवसीय कार्यक्रम होंगे। 26 मार्च को बाइक रैली निकाली जाएगी, जबकि 27 मार्च को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम पीयूष तिवारी ने बताया कि सभी आयोजकों को समय पर कार्यक्रम शुरू और समाप्त करने, ध्वनि नियंत्रण रखने और शांति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखते हुए, नशा से दूर रहकर और धार्मिक भावना के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है। श्रीराम जन्मोत्सव पर घरों में पांच दीप जलाने का आह्वान भी किया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 मार्च 2026