क्षेत्रीय
26-Mar-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। शहर की खराब सड़कों को लेकर एक बार फिर नगर निगम और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत कराने के दावे किए गए थे, लेकिन गर्मी बीतने को है और अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अप्रैल और मई का समय निकलने के बाद जल्द ही बारिश का मौसम शुरू हो जाएगा। ऐसे में अगर समय रहते सड़कों की मरम्मत नहीं हुई, तो स्थिति और बदतर हो सकती है।जानकारी के मुताबिक, सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं किया गया है। इससे शहरवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शहर के बनियापारा, रिसाईपारा, रामसागर पारा, नयापारा, जालमपुर, कोष्टापारा, सोरिद और हटकेशर वार्ड की सड़कों की हालत सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है। इन इलाकों में गड्ढों और उखड़ी सड़कों के कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि महापौर और अन्य जनप्रतिनिधियों को इस मुद्दे पर तत्काल ध्यान देना चाहिए, ताकि बारिश से पहले सड़कों की मरम्मत कर शहरवासियों को राहत दी जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 मार्च 2026